शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आईआईटी दिल्ली में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) परिषद की 56वीं बैठक की अध्यक्षता की

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आईआईटी दिल्ली में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) परिषद की 56वीं बैठक की अध्यक्षता की

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) परिषद की 56वीं बैठक 25 अगस्त 2025 को आईआईटी दिल्ली में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। परिषद ने सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री के 'आत्मनिर्भर भारत से समृद्ध भारत' के दृष्टिकोण को सभी हितधारकों के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

धर्मेंद्र प्रधान ने आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के लिए आईआईटी शिक्षा को मुख्य स्रोत के रूप में स्थापित करने पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के इस निर्देश पर बल दिया कि देश का लक्ष्य क्रमिक परिवर्तन नहीं, बल्कि तेज़ गति से प्रगति करना है और आईआईटी को इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विशेष रूप से आईआईटी से आग्रह किया कि वे समावेशी विकास के लिए पाठ्यक्रमों में अंग्रेजी के अलावा क्षेत्रीय भाषाओं को शिक्षण माध्यम के रूप में शामिल करके भारतीय भाषाओं को बढ़ावा दें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आईआईटी को वास्तविक दुनिया की समस्याओं का समाधान करके और राष्ट्रीय महत्व की महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में अनुवादात्मक अनुसंधान को बढ़ावा देकर, नौकरी चाहने वालों की बजाय नौकरी देने वाले तैयार करने चाहिए।

 

तकनीकी आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व को आगे बढ़ाने में आईआईटी की परिवर्तनकारी भूमिका को रेखांकित करते हुए मंत्री महोदय ने उद्यमिता और नवाचार पर उनके बढ़ते प्रभाव की ओर ध्यान दिलाया। यह प्रधानमंत्री के सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के दृष्टिकोण के अनुरूप है। 6,000 से ज़्यादा स्टार्ट-अप्स, 56 यूनिकॉर्न और लगभग 5,000 पेटेंट के साथ, आईआईटी आर्थिक विकास के इंजन और अमृत काल में भारत की आकांक्षाओं के प्रतीक बनकर उभरे हैं। प्रधानमंत्री रिसर्च फ़ेलोशिप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में उत्कृष्टता केंद्र और जीवंत रिसर्च पार्क जैसी पहलों के सहयोग से, आईआईटी  विश्व स्तरीय अनुसंधान और उद्योग साझेदारी को बढ़ावा दे रहे हैं।