राहुल गांधी ने इंदौर में प्रदूषित पानी से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और बीमार लोगों से की मुलाकात
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में प्रदूषित पानी से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और बीमार हुए लोगों से शनिवार को मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
पत्रकारों से बातचीत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में आज भी लोगों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा है, जो एक बेहद गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को साफ पानी उपलब्ध कराना और प्रदूषण को नियंत्रित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इसमें पूरी तरह विफल साबित हो रही है। भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मृत्यु हुई है और कई लोग बीमार हुए हैं। सरकार की लापरवाही से ही यह स्थिति बनी है, इसलिए सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता मिलनी चाहिए।
राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि आज भी इलाके में स्वच्छ पेयजल नहीं है और वैकल्पिक व्यवस्था सिर्फ प्रतीकात्मक है, जो कुछ समय तक ही चलेगी। उन्होंने कहा कि जैसे ही लोगों का ध्यान हटेगा, हालात फिर पहले जैसे हो जाएंगे। लोगों की मांग है कि स्थायी और व्यवस्थित समाधान किया जाए एवं उन्हें नियमित रूप से साफ पीने का पानी उपलब्ध कराया जाए, जो पूरी तरह जायज मांग है।
राहुल गांधी ने ‘स्मार्ट सिटी’ योजना की विफलता को इंगित करते हुए कहा कि यह स्मार्ट सिटी का नया मॉडल है, जहां लोगों को पीने का साफ पानी तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि यह केवल इंदौर की समस्या नहीं है, बल्कि देश के कई शहरों में ऐसे ही हालात हैं।
admin